अमेय कान्त
कुछ साल पहले तक हॉलीवुड की भव्य फ़िल्मों को बड़े परदे पर देखते हुए अक्सर यह बात दिमाग में आती थी कि ऐसी फ़िल्में भारत में न जाने कब बन सकेंगी। लेकिन जैसा कि बाकी तकनीकों के मामले में हुआ, भारतीय फ़िल्मकारों और तकनीशियनों ने धीरे-धीरे विज़ुअल इफ़ेक्ट्स (वीएफ़एक्स) में भी बेहतर होना शुरू किया और नतीजतन पिछले कुछ सालों में इसमें कुछ अच्छा काम निकलकर सामने आया। राजामौली जैसे निर्देशकों की फ़िल्मों ने विश्व स्तर पर न सिर्फ़ अपने संगीत बल्कि वीएफ़एक्स के मामले में भी दुनिया का ध्यान खींचा।
हाल ही में रिलीज़ फ़िल्म ‘रामायण : राइज़ ऑफ़ अ लेजेंड’ की चर्चा शुरू होने से पहले शायद कम ही लोगों को पता था कि ‘ड्यून’, ‘ब्लेड रनर-2049’, ‘इंटरस्टेलर’ और ‘ओडिसी’ जैसी भव्य हॉलीवुड फ़िल्मों के वीएफ़एक्स पर जिस कंपनी ने काम किया है, उसके ज़्यादातर वीएफ़एक्स कलाकार और तकनीशियन भारत में काम करते हैं। इसकी शुरुआत नमित मल्होत्रा के 1997 में ‘प्राइम फ़ोकस’ की स्थापना करने से हुई। कंपनी ने बाद में हॉलीवुड फ़िल्मों को 3D में बदलने के प्रोजेक्ट किए जिसमें ‘क्लैश ऑफ़ द टाइटन्स’ को पूरी तरह 3D में बदलने का काम भी शामिल था। बाद में इस कंपनी का लंदन की कंपनी ‘डबल निगेटिव’ के साथ विलय हुआ। सौदे के बाद ‘डबल निगेटिव’, ‘प्राइम फ़ोकस’ की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी बनी। आगे चलकर इनकी संयुक्त कंपनी को DNEG के नाम से जाना गया। यह कंपनी आज वीएफ़एक्स के क्षेत्र की अग्रणी कंपनियों में गिनी जाती है। DNEG की टीमों को कई अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार मिले। उसकी वीएफ़एक्स टीमों के योगदान वाली आठ फ़िल्मों ने सर्वश्रेष्ठ विज़ुअल इफ़ेक्ट्स के लिए एकेडमी अवॉर्ड्स भी जीते हैं।
इसलिए जब नमित मल्होत्रा ने ‘रामायण’ के निर्माण की घोषणा की, तो दर्शकों में एक स्वाभाविक उत्साह और उत्सुकता थी। लेकिन साथ में एक आशंका भी थी कि कहीं इसका हश्र भी ओम राउत की ‘आदिपुरुष’ जैसा न हो जाए जिसके ख़राब वीएफ़एक्स, बेढंगे संवादों और कलाकारों के गलत चुनाव की आज तक मिसाल दी जाती है! करण जौहर की कुछ साल पहले आई फ़िल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ के निर्माण में भी नमित की कंपनी ‘प्राइम फ़ोकस’ की बड़ी भूमिका थी जिसके सफल होने के बावजूद फ़िल्म में कहानी कम और वीएफ़एक्स का खेल-तमाशा ज़्यादा दिखाई दिया! ऐसे में ‘रामायण’ में नमित के साथ नितेश तिवारी जैसे निर्देशक का जुड़ना एक उम्मीद जगा रहा था। वजह यह थी कि नितेश इससे पहले ‘चिल्लर पार्टी’, ‘दंगल’ और ‘छिछोरे’ जैसी सफल फ़िल्मों का निर्देशन कर चुके थे। दुनिया भर में कमाई के मामले में ‘दंगल’ ने जो रिकॉर्ड बनाए, उनके बारे में बताने की ज़रूरत नहीं है।
‘रामायण’ को लेकर प्रतिक्रियाएँ ट्रेलर आने के साथ ही बँटने लगी थीं, और रिलीज़ के बाद यह बहस और तेज़ हो गई। भारत में दर्शकों की राय अब भी अलग-अलग है। कुछ लोगों ने मूल कथा से बदलावों पर भी सवाल उठाए हैं। रिलीज़ के करीब ढाई हफ़्ते बाद, यह देखना दिलचस्प है कि फ़िल्म ने भारत और दुनिया भर में कैसा प्रदर्शन किया है और उसे कैसी प्रतिक्रियाएँ मिली हैं।
सबसे पहले इस बात को समझना ज़रूरी है कि किसी फ़िल्म को देखते हुए उसे पसंद या नापसंद करने का हमारा पैमाना क्या है। क्या हम सिर्फ़ फ़िल्म की कहानी के आधार पर उसे खारिज कर देते हैं? या फिर हम फ़िल्म के चाक्षुष (visual) और भावनात्मक अनुभव से गुज़रने का अस्वाद भी लेना चाहते हैं? फ़िल्म ने रामकथा के किस संस्करण से क्या लिया, कितना सही लिया, कितना गलत लिया, किस हिस्से को कम दिखाया, किसे ज़्यादा दिखाया, इस पर भारत में बहस होना स्वाभाविक है क्योंकि अंततः यह एक ऐसी कथा है जो पीढ़ियों से हमारे जनमानस में मौजूद है। लेकिन यह भी सोचा जाना चाहिए कि क्या फ़िल्म में ‘रामायण’ की मूल कथा के मर्म को कोई नुकसान पहुँचाया गया है। इसलिए सिर्फ़ इसके आधार पर फ़िल्म को आँकना कि कुछ चीज़ें उस तरह से नहीं आईं जो अब तक हमने देखी-सुनी थीं, सिनेमा को लेकर हमारे सीमित नज़रिए को ही दिखाता है।
पौराणिक या ऐतिहासिक फ़िल्मों के निर्माण में ‘क्रिएटिव लिबर्टी’ अक्सर ली जाती है। यह स्वतंत्रता कभी-कभी खटकती भी है और कई बार फ़िल्म के समग्र प्रभाव को बेहतर भी बना देती है। इसी साल जुलाई में आई फ़िल्म ‘ओडिसी’ में क्रिस्टोफ़र नोलन ने मूल कहानी से कई जगहों पर स्वतंत्रता ली जिसके लिए पश्चिम में उनकी ऐसी ही आलोचना हुई थी। लेकिन फ़िल्म के केंद्र में होमर की रचना ‘ओडिसी’ की मूल कथा ही रही। ‘रामायण’ में भी निर्माताओं ने कई जगह ऐसी छूट ली है। यह बात अलग है कि फ़िल्म के कुछ हिस्से बहुत प्रभावशाली ढंग से सामने आए हैं और कुछ हिस्से आशा के अनुरूप असर पैदा नहीं कर पाए। लेकिन इस सबके बावजूद एक सवाल पूछा जाना चाहिए कि क्या अपनी समग्रता में यह फ़िल्म कोई प्रभाव छोड़ पाती है। ज़्यादातर दर्शकों का जवाब होगा, “हाँ।”
इसकी वजह यह है कि जहाँ फ़िल्म विज़ुअल इफ़ेक्ट्स के ज़रिए वह भव्यता दिखा पाई है जिसकी किसी भी भारतीय फ़िल्म से दर्शक अब तक उम्मीद कर रहे थे, वहीं यह दर्शक को भावनात्मक स्तर पर छूने में भी कामयाब हुई है। यही इस फ़िल्म को वैश्विक स्तर पर पसंद किए जाने का सबसे बड़ा कारण भी है। दशरथ से राम का बिछोह, जटायु की मृत्यु और उसके बाद राम का लक्ष्मण से संवाद फ़िल्म ऐसे प्रसंग हैं जो मन को गहराई से छूते हैं। वहीं इंद्र का ऐरावत पर युद्ध लड़ना, रावण का दस सिरों से सोचना, उसका नृत्य, जटायु का रावण से युद्ध ऐसे हिस्से हैं जिनमें रचनात्मकता और भव्यता, दोनों दिखाई देती हैं। दूसरी तरफ़ राम-भरत मिलाप, सीता का हरण होकर पुष्पक विमान में जाना कुछ ऐसे दृश्य थे जिन्हें भावनात्मक रूप से और प्रभावी बनाया जा सकता था।
फ़िल्म के संवाद बहुत ताकतवर नहीं हैं लेकिन सहज हैं और कहीं खटकते नहीं हैं। सीजीआई के मामले में कुछेक जगहों पर थोड़ा हल्कापन दिखाई देता है। खर-दूषण, ताड़का-सुबाहु और कुम्भकर्ण के पात्रों को थोड़ा और वास्तविक बनाया जा सकता था। लेकिन कुछ उदाहरणों को छोड़ दें तो फ़िल्म में वीएफ़एक्स वैश्विक स्तर का ही दिखाई देता है। अच्छी बात यह भी है कि दृश्य स्वाभाविक लगते हैं, वीएफ़एक्स उन्हें नकली नहीं बनाता। फ़िल्म के संगीत के बारे में जब से हैन्स ज़िमर और ए. आर. रहमान के जुड़ने की बात सामने आई थी, इसे सुनने की जिज्ञासा और बढ़ गई थी। रहमान ने अब तक जिस तरह का संगीत दिया है, इसे उसी कसौटी पर रखकर बेहतरीन होने की उम्मीद की जा रही थी। लेकिन फ़िल्म के गीतों में फ़िलहाल वह बात दिखाई नहीं देती। यहाँ जापान-भारत के सहयोग से बनी एनीमेटेड फ़िल्म ‘रामायण : द लेजेंड ऑफ़ प्रिंस रामा’ (1993) भी याद आती है जिसने वाल्मीकि रामायण पर आधारित रामकथा को प्रभावशाली एनीमेशन और अच्छे गीतों के साथ प्रस्तुत किया था।
इस सब के बावजूद नमित मल्होत्रा की रामायण का संगीत कर्णप्रिय है और प्रभावित भी करता है। बैकग्राउंड स्कोर में कई जगह हैन्स ज़िमर की मौजूदगी महसूस होती है जिनके संगीत का फलक बहुत विशाल है। ए. आर. रहमान ऐसे संगीतकार हैं जिनके संगीत ने अक्सर धीरे-धीरे अपना असर दिखाया है। इसलिए फ़िल्म के संगीत पर कुछ भी कहना थोड़ी जल्दबाज़ी ही होगी। यहाँ यह विचार भी आता है कि अगर यही फ़िल्म जेम्स कैमरून जैसे किसी हॉलीवुड डायरेक्टर ने बनाई होती तो क्या हम उसमें भी संगीत और गानों को इतनी ही अहमियत देते!
नमित मल्होत्रा ने फ़िल्म की रिलीज़ से पहले ‘लॉस एंजेलिस टाइम्स’ को दिए गए एक इंटरव्यू में कहा था कि यह फ़िल्म वे दुनिया के लिए बना रहे हैं। अगर पश्चिम के दर्शक इस फ़िल्म को पसंद नहीं करते तो वे इसे फ़िल्म की असफलता मानेंगे। पश्चिम के दर्शकों को दिखाने के लिए फ़िल्म का अंग्रेज़ी संस्करण भी बनाया गया। इसमें एआई की मदद से पात्रों को अंग्रेज़ी बोलते दिखाया गया जिससे कि संवाद ज़्यादा स्वाभाविक लगें। यहाँ तक ठीक था लेकिन यह मानते हुए कि पश्चिम के दर्शक भारत की इतनी लंबी फ़िल्म नहीं देख पाएँगे, सवा तीन घंटे की इस फ़िल्म के 30 मिनट कम कर दिए गए। इन 30 मिनटों में ऐसे कई अहम शॉट थे जिनके बगैर फ़िल्म का पूरा प्रभाव ही कम हो जाता है। जबकि हॉलीवुड में ‘बेन हर’, ‘शिंडलर्स लिस्ट’ से लेकर ‘ओपनहाइमर’, ‘किलर्स ऑफ़ द फ़्लॉवर मून’ और ‘ब्रूटलिस्ट’ जैसी कई सफल फ़िल्में बनी हैं जो इतनी या इससे भी ज़्यादा लम्बी हैं। इसके चलते पश्चिम के कई फ़िल्म समीक्षक दर्शकों को ‘रामायण’ अंग्रेज़ी सबटाइटल्स के साथ हिंदी में ही देखने की सलाह दे रहे हैं। इसका एक असर यह भी हुआ है कि पश्चिम के कई दर्शक अब ‘राम’ और ‘रावण’ शब्दों का सही उच्चारण भी कर पा रहे हैं, उन्हें ‘रामा’ और ‘रावना’ नहीं कह रहे।
कई मामलों में फ़िल्म को लेकर निर्माताओं की रणनीति कारगर रही है। समूची रामायण को सिर्फ़ एक ही भाग में दिखाना बहुत बड़ी भूल होती। इस पर या तो ‘गेम ऑफ़ थ्रोंस’ के स्तर की कोई बड़ी वेब सिरीज़ बनाई जा सकती थी या एक से अधिक भागों में फ़िल्में। सुनने में यह भी आ रहा है कि पूरी रामकथा को शायद दो से भी अधिक हिस्सों में बनाया जाए। फ़िल्म को वैश्विक स्तर पर मिले प्रतिसाद को देखते हुए निर्माता रामायण का पूरा ‘यूनिवर्स’ भी बना सकते हैं जहाँ उन कथाओं को दिखाना भी संभव होगा जो इन दो या तीन फ़िल्मों में शायद निर्माता न दिखा पाएँ।
तमाम बहसों के बीच कलाकारों का चयन प्रभावी साबित हुआ है। यश ने रावण के पूरे व्यक्तित्व को बेहद दमदार ढंग से उभारा है। रणबीर कपूर के अभिनय में राम की गंभीरता, संयम और वीरता तो दिखाई देती ही है, अभिनय का उनका अनुभव भी दिखाई देता है। सीता की भूमिका में साई पल्लवी सहज और प्रभावशाली लगी हैं। हालाँकि कुछेक जगहों पर उनका अभिनय और बेहतर हो सकता था। लेकिन उनकी सादगी में ज़ेंडाया जैसी हॉलीवुड अभिनेत्रियों वाला आकर्षण है। यह छवि सुंदरता के पारंपरिक मानकों से आगे जाती है और फ़िल्म को दुनिया भर के दर्शकों से कनेक्ट करने में मदद करती है। लक्ष्मण के रूप में रवि दुबे जँचे हैं। उनके संवादों में हास्य का पुट भी सहज और असरदार है। दशरथ की भूमिका में अरुण गोविल की मौजूदगी उन दर्शकों के लिए ख़ास नॉस्टेल्जिया जगाती है जिन्होंने टेलीविज़न पर रामानंद सागर की ‘रामायण’ देखी थी। कई कलाकारों ने छोटी भूमिकाओं में भी अच्छी छाप छोड़ी है। फ़िल्म में पश्चिम के नामी आर्ट डायरेक्टर्स ने भी काम किया है, जिनका जुड़ाव इससे पहले हॉलीवुड की कई चर्चित फ़िल्मों से रहा है। इस तरह, निर्माण के स्तर पर देखें तो यह फ़िल्म पैन इंडिया से आगे जाकर एक अंतर्राष्ट्रीय प्रोजेक्ट में बदल जाती है।
पश्चिम के कई यूट्यूबर्स के वीडियो देखकर इस बात को महसूस किया जा सकता है कि वे इस फ़िल्म से खासे प्रभावित हैं। वहाँ के कई दर्शकों ने रामायण की कथा को इसी फ़िल्म के ज़रिए पहली बार जाना। कई दर्शकों के लिए तो उनकी देखी यही पहली भारतीय फ़िल्म थी। धीमी शुरुआत के बाद फ़िल्म ने भारत से बाहर न सिर्फ़ अच्छा कलेक्शन करना शुरू किया बल्कि बड़ी संख्या में दुनिया भर के दर्शकों का ध्यान भी खींचा। यह तब हुआ जब इसी दौरान जापान की फ़िल्म ‘गॉडज़िला माइनस ज़ीरो’ भी प्रदर्शित हो रही है जो स्पेशल इफ़ेक्ट में ऑस्कर विजेता ‘गॉडज़िला माइनस वन’ की सीक्वल है।
यहाँ यह बात गौरतलब है कि विदेशी दर्शकों को ‘रामायण’ का सिर्फ़ वीएफ़एक्स ही प्रभावित नहीं कर रहा है, उसके भावनात्मक पक्ष का भी उन पर गहरा असर पड़ रहा है। न्यूयॉर्क के एक रिव्युअर ने कहा कि राम के वनवास जाने वाले दृश्य से वह इतना प्रभावित हुआ कि फ़िल्म देखने के दौरान भावुक होकर उसने अपने माता-पिता को मैसेज किया कि वह उन्हें बहुत प्यार करता है। टेक्सास के एक रिव्युअर ने जटायु के रावण से युद्ध के दृश्य पर बात करते हुए कहा कि किसी को संकट में देखकर अपने सामर्थ्य की सीमाओं के बावजूद प्रतिरोध करना जटायु से सीखना चाहिए। पश्चिम के समीक्षक अपनी अधिकतर टिप्पणियों में फ़िल्म को ‘मैसिव’, ‘एपिक’ जैसे विशेषण दे रहे हैं जो भारतीय होने के नाते हमारे लिए बेहद खुशी की बात है। कई जगह इस फ़िल्म की तुलना ‘लॉर्ड ऑफ़ द रिंग्स’, ‘बेन हर’ जैसी फ़िल्मों से होना इस बात का प्रमाण है कि दुनिया के सिनेमा को इस बार हमने कुछ नया दिया है जो अनूठा भी है। इसलिए इस संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि एकेडमी अवॉर्ड्स में यह फ़िल्म कोई बड़ी उपलब्धि हासिल कर ले!
जैसा कि लेख की शुरुआत में कहा गया है, कुछ साल पहले तक पश्चिमी फ़िल्मों की विराट कल्पनाएँ और उनका भव्य फ़िल्मांकन हमें विस्मित कर देते थे। जबकि हमारी अपनी जनकथाओं और साहित्य में भी असाधारण आख्यानों की कमी नहीं है। ज़रूरत है उन्हें उसी कल्पनाशीलता और गंभीरता के साथ परदे पर उतारने की, जहाँ सिनेमा की गुणवत्ता बनी रहे और दर्शकों का आस्वाद भी समृद्ध हो। ‘रामायण : राइज़ ऑफ़ अ लेजेंड’ यह काम बखूबी करती है।
000
अमेय कान्त
जन्म : 10 मार्च, 1983
निवास : देवास, म.प्र.
शिक्षा : इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग तथा अंग्रेज़ी साहित्य में स्नातकोत्तर।
दो कविता-संग्रह ‘समुद्र से लौटेंगे रेत के घर’ (2016) तथा ‘किसी छूटे हुए दिन में’ (2026) प्रकाशित।
पिछले कुछ वर्षों से ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म्स के लिए हिंदी सबटाइटलिंग और विभिन्न एजेंसियों तथा संस्थानों के लिए फ़्रीलांस अनुवाद
